ललपुरा गांव स्थित जेडी पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश की मीरापुर विधानसभा से हाल ही में चुने गए विधायक अवतार सिंह भड़ाना थे। इस अवसर पर कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को विधायक अवतार भड़ाना ने हेलीकॉप्टर में बैठाकर उनका उत्साह बढ़ाया। विशिष्ट अतिथि स्कूल चेयरमैन सतपाल देशवाल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंसिपल संगीता देशवाल ने की।
इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान सभी अव्वल बच्चों को सम्मानित किया गया। शिक्षिका मोहिनी सहरावत ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से अभिभावकों व बच्चों में जोश भर दिया। इस अवसर पर दंगल फिल्म के गाने धाकड़ छोरी पर छात्राओं ने जोरदार प्रस्तुति दी। वहीं लघु नाटिका व मूक अभिनय में भी छात्रों ने रंग जमाया। मुख्य अतिथि भड़ाना ने कहा कि बेशक वह यूपी में विधानसभा से जीतकर आए हैं, लेकिन उनका क्षेत्र सदा से ही पलवल व फरीदाबाद रहा है। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर खेमराज डागर, हरेंद्र तेवतिया मौजूद थे। कार्यक्रम में अवतार भड़ाना की पत्नी ममता भड़ाना भी मौजूद थीं।