होडल/पलवल। जिले में बृहस्पतिवार को सुबह अचानक हुई बारिश के बाद तापमान घट गया और फिर से ठंड बढ़ गई। हालांकि बारिश होने से फसलों को लाभ होगा। वहीं डॉक्टरों ने भी बच्चों व बुजुर्गों को ठंड से बचने की सलाह दी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस था। ऐसे में अब न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बहुत अधिक अंतर है। यह अंतर बीमारी को बढ़ावा देने वाला है। चिकित्सकों का कहना है कि सुबह व शाम को पड़ने वाली ठंड से जुकाम व खांसी होना आम है। ऐसे में बचाव जरूरी है।
फसलों को लाभ
किसान राम अवतार का कहना है कि सिंचाई विभाग ने गेहूं की बिजाई करने के बाद नहरों में पानी की सप्लाई कम कर दी। इससे किसान परेशान है। अब नहरों में 15 दिनों की बंदी के उपरांत 5 दिन ही पानी सप्लाई होती है। ऐसे में पानी की मांग बहुत अधिक है। गांव खाम्बी के किसान जयदेव का कहना है कि बारिश होने से किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा।
बारिश होने से फसलों को फायदा मिलेगा। सुबह व शाम पड़ने वाला पाला से फसलों को निजात मिलेगी। ऐसे में अब बारिश होती है तो रबी की फसलों के लिए खाद का काम करेंगी।
-महावीर मलिक, कृषि विशेषज्ञ