- इंटरनेट बैंकिंग के जरिये 13.33 लाख रुपये उड़ाए, पुलिस कर रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल | जिले में साइबर अपराधियों ने चार लोगों को अपना शिकार बनाते हुए कुल 22 लाख 44 हजार 200 रुपये की ठगी कर ली। मामले में जिला साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑस्ट्रेलियाई कंपनी के नाम पर सबसे बड़ी ठगी
न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी के लोकेश कुमार को वाट्सऐप पर ऑस्ट्रेलियाई कंपनी ‘द गुडगाइड्स’ से संपर्क कर फंसाया गया। कंपनी ने उन्हें सामान खरीदने और बेचने पर अच्छा मुनाफा देने का झांसा दिया। लोकेश लालच में आ गए और 7.33 लाख रुपये का निवेश कर दिया, जिसमें उन्होंने कर्ज लेकर पैसे लगाए थे। बाद में ठगों ने 11 लाख रुपये के टेंडर का प्रस्ताव दिया, लेकिन जब लोकेश ने इसमें निवेश करने से मना किया, तो उनका पैसा वापस नहीं किया गया।
इंटरनेट बैंकिंग के जरिये ठगे 13.33 ठगे
आदर्श कॉलोनी के जगबीर सिंह से इंटरनेट बैंकिंग के जरिये 13.33 लाख रुपये की ठगी की गई। वहीं, टकोरा गांव के सैफ अली के खाते से डेबिट और क्रेडिट कार्ड के जरिये 1.10 लाख रुपये निकाल लिए गए।
फोन चोरी कर यूपीआई से निकाले पैसे
सिहोल गांव के दौलतराम का फोन चोरी होने के बाद ठगों ने उनके खाते से यूपीआई के जरिये दो बार में एक लाख रुपये निकाल लिए। नया सिम कार्ड लेने पर धोखाधड़ी का पता चला।
पुलिस कर रही तलाश
साइबर क्राइम थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी सहायता से ठगों की तलाश कर रही है। जिले में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और अज्ञात कॉल या लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी है।