- नाम वापसी के बाद स्थिति साफ, तीन वार्डों में निर्विरोध चुने गए पार्षद, 2 मार्च को मतदान 12 मार्च को मतगणना
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। हथीन नगरपालिका चुनावी मैदान में बुधवार को नामांकन पत्र वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चेयरपर्सन पद के लिए केवल चार उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। वहीं, 11 पार्षद पदों के लिए कुल 35 उम्मीदवार चुनावी दंगल में जोर आजमाइश करेंगे। इसके लिए दो मार्च को मतदान होगा। नतीजों की घोषणा 12 मार्च को की जाएगी। नाम वापसी के बाद सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। चेयरपर्सन पद के लिए भाजपा प्रत्याशी रेणु लता को कमल चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। इनके मुकाबले भाजपा की बागी प्रत्याशी आभा रविन कुमार बस चुनाव चिन्ह के साथ, सविता रानी कुर्सी चुनाव चिन्ह के साथ, और मीनू घड़ी चुनाव चिन्ह के साथ चुनावी समर में हैं। नामांकन पत्र वापस लेने के पश्चात इन चारों प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है।
तीन पार्षद निर्विरोध निर्वाचित
नगरपालिका के वार्ड नंबर छह से उर्मिल, वार्ड नंबर दस से संतोष, और वार्ड नंबर 11 से सिरातुल निशा निर्विरोध पार्षद चुनी गई हैं। इससे अब 11 पार्षद पदों के लिए कुल 35 उम्मीदवार मैदान में हैं।
नामांकन प्रक्रिया और प्रत्याशियों की स्थिति
गौरतलब है कि चेयरपर्सन पद के लिए पहले 9 महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से एक ने दो नामांकन पत्र भरे थे। बुधवार को चार कवरिंग उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। वहीं, पार्षद पद के लिए कुल 67 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें से एक रद्द हो गया था। शेष बचे 66 उम्मीदवारों में से 28 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया, जिससे अब 11 पार्षद पदों के लिए 35 उम्मीदवार शेष रह गए हैं।
अब प्रचार में आएगी तेजी
चुनाव चिन्ह वितरण के बाद उम्मीदवारों के समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद अब सभी प्रत्याशी चुनाव में ताकत झौंकेंगे। भाजपा बागी प्रत्याशी आभा रविन कुमार ने दावा किया कि निर्विरोध चुने गए तीन पार्षद उनके समर्थक हैं। उनके पति रविन कुमार ने कहा कि सभी वर्गों का समर्थन उन्हें मिल रहा है और वह विजयी होंगे। वहीं, भाजपा उम्मीदवार रेणु लता के पति सुमित राजपूत ने कहा कि शहर में भाजपा की एकतरफा जीत होगी। वहीं, सविता शर्मा के पति सबरजीत एडवोकेट और मीनू के पति नकुल राघव ने भी अपनी-अपनी जीत का दावा किया।