अपराध जांच शाखा ने गांव गढ़ी पट्टी के नजदीक से बृहस्पतिवार देर रात लूटपाट की साजिश रचते चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक तमंचा, सरिये व दो चोरी की बाइकें बरामद की हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया।
होडल सीआईए के कार्यवाहक इंचार्ज देवेंद्र शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि दो बाइकों पर सवार चार बदमाश उझीना ड्रेन के निकट आने-जाने वाले वाहन चालकों से लूटपाट करने की फिराक में खड़े हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। पुलिस ने उनके पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, तीन सरिये व चोरी की दो बाइकें बरामद की हैं।
आरोपियों ने अपना नाम रामनगर धारबेड़ा निवासी लाला, बिजबाड़ी थाना भरतपुर राजस्थान निवासी दिनेश, रसूलपुर थाना चांदहट पलवल निवासी बिजेंद्र व हाथियाका थाना बरसाना यूपी निवासी तारीफ बताया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।