संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पाकिस्तान को गोपनीय सूचनाएं भेजने के आरोप में गिरफ्तार किए गए यू-ट्यूबर वसीम अकरम से जुड़ी खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस खबर के साथ कुछ लोग पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वसीम अकरम की तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर मीम्स और कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने वीडियो जारी कर इसे गैर कानूनी बताया है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने सफाई देने हुए वीडियो जारी किया है। पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान ने कहा है कि भारत में जासूसी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार हुआ है, जिसका नाम वसीम अकरम है। कुछ न्यूज चैनल मेरी तस्वीर लगाकर यह बता रहे हैं कि वह मैं हूं, जो पूरी तरह गलत है। पूर्व खिलाड़ी ने मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया यूजर्स को फटकार लगाते हुए कहा कि बिना जांच-पड़ताल के किसी की भी फोटो या पहचान का इस्तेमाल करना गैर-जिम्मेदारी है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, गिरफ्तार वसीम अकरम कोट गांव का रहने वाला है और उसका एक यूट्यूब चैनल था, जिस पर वह मेवात क्षेत्र के इतिहास से जुड़ी जानकारियां साझा करता था। जांच में सामने आया कि वह पिछले चार वर्षों से पाकिस्तान दूतावास में कार्यरत दानिश और एक अन्य कर्मचारी के संपर्क में था। आरोपी ने दिल्ली जाकर दोनों से मुलाकात भी की थी और उन्हें एक सिम कार्ड उपलब्ध कराया था। उसके मोबाइल से मिले चैट रिकॉर्ड में कई संदिग्ध बातचीत मिली हैं। फिलहाल जासूस वसीम अकरम को जेल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।