10 की हालत गंभीर, अन्य जगहों पर हुए हादसों में दो की मौत
- बृहस्पतिवार को दृश्यता रही बेहद कम, ठंड बढ़ने से प्रदूषण स्तर में भी इजाफा
- होडल-नूंह रोड पर फॉर्च्यूनर ने सड़क किनारे खड़े युवकों को मारी टक्कर, एक की मौत
- जिले का एक्यूआई पहुंचा 190 के करीब, नहीं थम रही कूड़ा जलाने की घटनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल/होडल/हथीन। जिले में दूसरे दिन भी कोहरा छाया रहा। बृहस्पतिवार को दृश्यता बेहद कम रही, जिससे कोहरे का कहर देखने को मिला। कोहरे के कारण अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। सबसे बड़ा हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव खटैला के समीप हुआ, जहां बल्लभगढ़ से आगरा जा रही बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस सवार 25 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 10 की हालत गंभीर है। इसके अलावा होडल-नूंह रोड स्थित गांव नांगल जाट के समीप सड़क किनारे खड़े दो युवकों को फॉर्च्यूनर कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गांव सराय-खटैला के समीप घने कोहरे के कारण बल्लभगढ़ से आगरा जा रही यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर लगते ही सवारियों में चीख-पुकार मच गई। 10 से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 व मुंडकटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपमंडल नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बस में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुईं थी। हादसे में बस चालक आफताब निवासी हथीन, विश्वजीत निवासी फिरोजाबाद, फरीदाबाद निवासी धनपति व कमलेश, अतवा निवासी बिजेंद्र, फरीदाबाद निवासी राजेश, अलीगढ़ निवासी देवदत्त, बल्लभगढ़ निवासी समीर, कोसीकलां निवासी रोहताश घायल हो गए। अन्य घायलों को मामूली चोटें आईं।
दूसरे हादसे में होडल-नूंह रोड स्थित नांगल जाट के पास फॉर्च्यूनर कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को टक्कर मार दी। नांगल जाट निवासी भीषम ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह वेल्डिंग की दुकान चलाता है। दुकान के पास उसका भाई अनिल कुमार व पड़ोसी राजेंद्र बाइक के साथ खड़े थे। इस दौरान फॉर्च्यूनर गाड़ी तेज गति से आई और अनिल व राजेंद्र को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। अनिल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। जबकि राजेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
-
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति ने दम तोड़ा
होडल-खांबी रोड पर गांव पैंगलतु के समीप ऑटो की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार युवक की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। गांव कामरका निवासी नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके चचेरा भाई संदीप बाइक से होडल जा रहा था, गांव पेंगलतु के निकट सामने से आ रहे ऑटो चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। संदीप को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से दिल्ली सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उपचार के दौरान संदीप की मौत हो गई। पुलिस ऑटो चालक की तलाश कर रही है।
दृश्यता कम होने के कारण चालकों को हुई परेशान
जिले में बृहस्पतिवार को घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मार्गों पर वाहन रेंग-रेंग कर चले। दिन में वाहन चालकों को हैड लाइट जलाकर चलना पड़ा। बृहस्पतिवार को पलवल में दृश्यता छह एमआई रिकॉर्ड की गई। बृहस्पतिवार को पूरे दिन कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण नौकरी पर जाने वाले लोगों व स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को काफी परेशानी हुई। कोहरे के कारण कई जगह जाम रहा।
ठंड बढ़ने से प्रदूषण स्तर में हुई इजाफा
पलवल में ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदूषण स्तर में भी इजाफा होने लगा है। बृहस्पतिवार को पलवल का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री व अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक 190 के करीब पहुंच गया। जानकारों की मानें तो ठंड से धूल के कण ऊपर नहीं उठ पाते और वातावरण में घूमते रहते हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। इसके अलावा जिले में जगह-जगह खुले में कूड़ा जलाया जा रहा है, जिस पर प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।