पलवल में जजपा जिलाध्यक्ष के घर पर गोलीबारी और मारपीट में घायल बुजुर्ग।
- फोटो : Palwal
जजपा जिलाध्यक्ष के घर पर हमला
पलवल। पंचवटी कॉलोनी में शुक्रवार देर रात जजपा जिलाध्यक्ष तुहीराम भारद्वाज के घर पर करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों ने हमला कर जमकर गोलीबारी की। आरोपियों ने जजपा जिलाध्यक्ष के घर पर पहुंचकर करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान विरोध करने पर दो लोगों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए फरीदाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद सहित करीब 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
पलवल के पंचवटी कॉलोनी के पास रहने वाले रामचंद्र और जननायक जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष तुहीराम भारद्वाज ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे अचानक कॉलोनी की बिजली चली गई। बिजली जाने के बाद ट्रांसफॉर्मर पर जाकर देखा तो लाइन डाउन की हुई थी। जब वह लाइन को चढ़ाने लगे तभी पड़ोस में रहने वाला श्रीचंद अपने दो बेटों पवन और महेंद्र के साथ ट्रांसफॉर्मर के पास आया और कहने लगा कि जब तक स्वीमिंग पूल पानी से नहीं भर जाता है तब तक लाइन बंद रहेगी। लाइन चढ़ाने से लोड अधिक हो जाता है और बिजली की मोटर बंद हो जाती है इसलिए स्वीमिंग पूल के भरने तक इंतजार करना होगा।
इसी बात को लेकर उन लोगों में कहासुनी हो गई। इसके बाद तुहीराम और उसके साथी अपने घर चले गए। घर जाने के करीब एक घंटे बाद श्रीचंद, पवन, महेन्द्र अपने 10-12 साथियों के साथ उसके घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान दहशत फैलाने की नीयत से 12 से 15 राउंड हवाई फायर किए। हाथों में डंडे और कुल्हाड़ी लिए हमलावरों की मारपीट से राकेश और बिजेन्द्र आदि घायल हो गए। जबकि जजपा अध्यक्ष तुहीराम भारद्वाज आदि चोटिल हो गए।
शहर थाना पुलिस प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। इस बारे में पुलिस को शिकायत मिल चुकी है और केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।