पुन्हाना। शहर के सिकरावा मोड़ पर बुधवार देर रात एक सोफा निर्माण गोदाम में अचानक आग लग गई। इसकी चपेट में आने से सोफा सेट, फोम, कपड़े के रोल और अन्य कच्चा माल जलकर राख हो गया। आग की वजह से गोदाम की छत का हिस्सा भी टूटकर नीचे गिर गया। पीड़ित के अनुसार, इस अग्निकांड में 30 से 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पटाकपुर गांव निवासी वहीद ने बताया कि परिवार और आठ बच्चों के पालन-पोषण के लिए उन्होंने सोफा निर्माण का काम शुरू किया था। उनके गोदाम में तैयार होने वाले सोफा सेट पुन्हाना, सिकरावा, हथीन, फिरोजपुर झिरका और नूंह सहित आसपास के बाजारों में सप्लाई किए जाते थे।
वहीद के अनुसार, रात को पड़ोस में एक कार्यक्रम चल रहा था। कर्मचारी बिजली बंद कर कार्यक्रम देखने चले गए थे। इसी दौरान गोदाम में आग लग गई। एक परिचित युवक ने आग देखकर फोन पर सूचना दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे।सूचना मिलने पर 112 और दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित ने बताया कि एक बार में आग नहीं बुझी, जिसके बाद दोबारा पानी लाकर आग को नियंत्रित किया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वहीद ने पुलिस चौकी में शिकायत दी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। काम पूरी तरह ठप होने से परेशान वहीद ने प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि परिवार का पालन-पोषण करने के साथ दोबारा कारोबार शुरू कर सकें।