पलवल।
शहर में 13 अगस्त को पांच किलोमीटर लंबे तिरंगे के साथ निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान निजी स्कूल के अध्यापकों से मारपीट के मामले में सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों की पहचान बहरौला गांव निवासी गोलू, सागर और गोपाल फौजी के रूप में हुई है। आरोपियों ने 10-12 अन्य युवकों के साथ मिलकर डंडों से हमला किया था, जिसमें तीन अध्यापक घायल हुए थे। दो के हाथ में फ्रैक्चर हो गए थे। जीवन ज्योति स्कूल के शिक्षक राहुल ने पुलिस को बताया कि प्रशासन के निर्देश पर बहरौला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास विद्यार्थियों को कतार में व्यवस्थित करने के दौरान कुछ युवक पहुंचे और छात्राओं व महिला अध्यापकों के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। जब अध्यापकों ने इसका विरोध किया तो युवकों ने गालियां दी।
शिक्षक ने बताया कि कुछ समय बाद वे 10-12 साथियों के साथ स्काॅर्पियो से पहुंचे और अध्यापकों पर डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने राहुल को पुल की रेलिंग पर दे मारा, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे अध्यापक अनंगपाल और खड़क सिंह के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस प्रवक्ता संजय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्रवाई जारी है।