पलवल। जिले में चोरी की वारदात लगातार जारी है। अब चालक द्वारा ट्राला को जैक पर खड़ा कर 11 टायरों को चुराकर ले जाने का मामला सामने आया है। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों से दो मोटरसाइकिल भी चोरी हो गई। पुलिस ने मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चांदहट थाना पुलिस में कार्यरत जांच अधिकारी हवलदार राजेंद्र के अनुसार हिसार जिले के गांव नालवा निवासी भूपसिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी ट्राला पर सुखजीत निवासी चिदन जिला अमृतसर (पंजाब) चालक था। सुखजीत गाड़ी में माल लोड कर नोएडा से मदुरई (तमिलनाडू) के लिए चला था। 31 जुलाई को पीड़ित कोे सूचना मिली कि उसकी गाड़ी लावारिस अवस्था में जैक पर गांव कुरैरा शाहपुर के पास पड़ी है। सूचना मिलते ही भूपसिंह मौके पर पहुंचा तो देखा कि गाड़ी के 11 टायर चोरी थे और जैक पर लगी हुई थी तथा चालक सुखजीत भी मौके से गायब था। पीड़ित ने सुखजीत को फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। पुलिस ने गाड़ी मालिक की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस प्रवक्ता के अनुसार चोर गांव बंचारी निवासी रविंद्र की बाइक को शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत और हथीन निवासी सारुन की बाइक को कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक के पास से चोरी कर ले गए।