पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच
पलवल (संवाद)। जिले के कैंप थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां ने कैंप थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता का परिवार 2023 में पलवल क्षेत्र में किराये के मकान में रहने आया था। अगस्त 2024 में आरोपी पिता ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया और उसे जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण पीड़िता ने यह बात किसी को नहीं बताई। पीड़िता की मां ने पति पर आरोप लगाया है कि इसके बाद भी उसने बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता ने कुछ दिन पहले डरते-डरते अपनी मां को आपबीती सुनाई, जिसके बाद मां उसे लेकर कैंप थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। कैंप थाना प्रभारी जितेंद्र ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना पुरानी है, इसलिए मामले की गहन जांच की जा रही है।