पलवल। चांदहट के गांव चिरवाड़ी में नाली साफ करने के विवाद में पड़ोसियों ने रॉड और कुल्हाड़ी से हमला कर पिता-पुत्र को घायल कर दिया। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजेंद्र ने बताया कि 8 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे वह बेटे धर्मेंद्र के साथ नोहरे वाली नाली की सफाई कर रहा था जो रमेश पुत्र रत्ती के घर के सामने से गुजरती है। आरोप है कि रमेश ने नाली बंद रखने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वह घर के अंदर गया और अपने बेटे रिंकू व विकास तथा पत्नी धर्मवती को बुला लाया जिनके हाथों में रॉड और कुल्हाड़ी थी। शिकायत के अनुसार रिंकू ने बिजेंद्र के सिर पर रॉड से वार किया। वहीं, विकास ने धर्मेंद्र के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद रमेश ने भी रॉड से धर्मेंद्र के सिर और कंधे पर कई वार किए। दोनों घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने धर्मेंद्र को बयान देने के लिए अनफिट बताया। वहीं, बिजेंद्र का बयान दर्ज किया गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा के तहत केस दर्ज कर जांच एएसआई गुलाब सिंह को सौंपी है।