पलवल। हसनपुर थाना क्षेत्र के भिडूकी गांव में ईंट भट्ठे के हिसाब और पैसों के लेनदेन को लेकर दो भाइयों के बीच चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक भाई ने अपने बीमार भाई और उसके बेटे पर नुकीली लकड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अमर सिंह ने पुलिस को बताया कि भिडूकी-हसनपुर रोड पर चारों भाइयों की साझी जमीन पर ईंट भट्ठा लगा हुआ है। आरोप है कि भट्ठे से मिलने वाली रकम में हिस्सा मांगने को लेकर विवाद हुआ। नौ जून को अमर सिंह अपने बेटे देव के साथ हिसाब करने भट्ठे पर पहुंचे थे, जहां कहासुनी के बाद पीतंबर ने हमला कर दिया।
हमले में अमर सिंह का हाथ टूट गया, जबकि बेटे देव के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई। देव के सिर पर 12 और हाथ पर 5 टांके लगाए गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हसनपुर थाना प्रभारी हरिओम ने बताया की मामले की जांच की जा रही है।