संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। जिले के कामेडा गांव स्थित मदरसे के समीप मंगलवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से हुआ। दुर्घटना के बाद चालक डंपर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मृतक की पहचान करीम पुत्र जसमाल, निवासी कामेडा के रूप में हुई है, जबकि घायल तौफीक, पुत्र रहमू है। दोनों आपस में चचेरे भाई हैं। बताया जा रहा है कि करीम गांव के मदरसे में खाना बनाने का काम करता था। मंगलवार सुबह वह तौफीक की बाइक पर सवार होकर मदरसा जा रहा था। जैसे ही दोनों मदरसे के पास पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घायल तौफीक को प्राथमिक उपचार के बाद राजस्थान के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
करीम अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। सिटी थाना प्रभारी कुलदीप का कहना है कि पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।