पलवल। किसानों के धरने में रविवार को जोधपुर के किसानों ने समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक्टर रैली निकाली और गीतों के माध्यम से केंद्र सरकार और कृषि कानूनों का जमकर विरोध जताया। वहीं दूसरी ओर पूरे दिन धरने में समर्थन देने वालों का सिलसिला जारी रहा।
किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में केएमपी-केजीपी इंटरचेंज पर चल रहे धरने में रविवार को जोधपुर के सरपंच पोहप सिंह ने अध्यक्षता जबकि संचालन रूपराम तेवतिया ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने भाषण के जरिये किसानों में जोश भरने का काम किया। मास्टर महेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि किसान पंचायतों के जरिये सरकार की कार्यप्रणाली की पोल खोली जाएगी और एमएसपी लागू करने की मांग की जाएगी। पलवल और इसके आसपास के जिलों खासकर मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, भरतपुर, अलवर, फरीदाबाद, नूंह, रेवाड़ी, बुलंदशहर के किसानों से धरने में शामिल होने की अपील की जा रही है। इस मौके पर केपी सिंह, रतन सिंह सौरोत, भागीरथ बेनीवाल, मास्टर महेंद्र सिंह चौहान, राजेश बहीन, करतार मढनाका, रोशनलाल अल्लीका आदि ने संबोधित किया।
गूंजते रहे चौपाइयों के सुर
रविवार को धरनास्थल पर चौपाई व गीत गूंजते रहे। किसानों ने चौपाइयों और गीतों के जरिये कृषि कानूनों पर जमकर कटाक्ष किए। किसान योगेश नेहरा, अच्छेलाल, राजबीर निवासी जोधपुर, टेकचंद महाशय जनौली, धन्नीराम अलावलपुर, तेजा महाशय जनौली, गुरदयाल महाशय व जयदेव मीतरोल ने गीत प्रस्तुत किए। वहीं एक आठ साल के छोटे बच्चे ने अपने ‘गीत मोदी जी तेरी कुर्सी हिला देंगे’ के जरिये जमकर वाहवाही लूटी।
झोपड़ी और तंबुओं में लगाई जा रही मच्छरदानी
मौसम में बदलाव के साथ ही धरनास्थल पर मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इससे बचने के लिए किसानों ने झोपड़ियों व तंबुओं में मच्छरदानी लगानी शुरू कर दी है। किसानों ने बताया कि आंदोलन के लंबे समय तक चलने की उम्मीद है। इसलिए नई झोपड़ियां बनाई जाएंगी। वहीं गर्मी से बचने का पूरा इंतजाम किया जाएगा। फिलहाल मच्छरों से बचाव के लिए तंबुओं को मच्छरदानी से कवर किया जा रहा है।