हथीन में प्रदर्शन करते बिजली कर्मी।
- फोटो : Palwal
‘ऑनलाइन तबादला नीति को रद्द करे सरकार’
हथीन। ऑनलाइन तबादला नीति के विरोध में ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के आह्वान पर उपमंडल अधिकारी हथीन के कार्यालय पर बिजली कर्मियों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान प्रेम सहरावत ने और संचालन यूनिट सचिव वेदपाल तेवतिया ने किया।
यूनियन की राज्य कमेटी के नेता जितेंद्र सिंह तेवतिया व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के खंड हथीन के प्रधान हरीश शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की मांगों को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। बिजली निगमों में जोखिम का काम होने के बावजूद कर्मचारियों की जोखिम भत्ता व कैशलेस मेडिकल सुविधा नहीं दी जा रही है। वहीं निगम में कार्यरत एलडीसी, यूडीसी व जेई आदि के ट्रांसफर कर दिए हैं जिससे निगम का कार्य प्रभावित होगा। आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तमाम विभागों को चहेते पूंजीपतियों के हवाले करना चाहती है। विभागों में खाली पडे़ पदों को नहीं भरा जा रहा है, जिसके कारण कर्मचारियों पर लगातार काम का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 6 जनवरी को विद्युत सदन हिसार में एमडी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। फिर भी निगम मैनेजमेंट और हरियाणा सरकार ने ऑनलाइन तबादला नीति को रद्द नहीं किया तो पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज किया जाएगा। कुंवर रवि, अवनीश, रमेश, हरेंद्र सहरावत, पदम सिंह, जैकम, विनोद, गोपाल, विष्णु, धोरसिंह आदि मौजूद रहे।