पलवल। स्टेशन पर रेलवे पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से शनिवार सुबह किसान की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पलवल के सिविल अस्पताल भिजवाया। मृतक की पहचान गांव अडडामणी थाना नौझील मथुरा निवासी भीकचंद के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में 174 की कार्रवाई की है।
जांच अधिकारी एएसआई भीम सिंह ने बताया कि उन्हें शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे स्टेशन मास्टर से सूचना मिली कि पलवल रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 4 और 5 के बीच में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार बने 58 वर्षीय भीकचंद किसान थे। मृतक के दो बेटे मुकेश और रणजीत पलवल के मोहन नगर में किराए के मकान में रहते हैं और दोनों पृथला स्थित एक निजी कंपनी में काम करते हैं जिनसे मिलने के लिए वह पलवल आया था। भीकचंद पिछले कई दिनों से पेट में इंफेक्शन के कारण परेशान था। उसके उपचार के लिए उसके दोनों बेटे उसके साथ शनिवार सुबह आगरा जा रहे थे। जैसे ही भीकचंद और उसके दोनों बेटे पलवल रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म रेलवे ट्रैक को पार करने लगे तभी भीकचंद एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया।