होडल में पुलिस द्वारा मुक्त कराई गई गोवंश।
- फोटो : Palwal
होडल। गोरक्षा दल के सदस्यों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर उझीना ड्रेन के पास बंद बॉडी के कंटेनर में बेरहमी से बंधे हुए 15 गोवंश बरामद किए हैं। दल के सदस्यों ने मामले की लिखित शिकायत थाना प्रभारी को दी है। पकडे़ गए गोवंश को पास के बहीन की गौशाला में भेजा गया है। पुलिस ने दल के सदस्य की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गो रक्षा सेवा समिति के एक सदस्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ गोतस्कर देसी नस्ल के गोवंश को यूपी सीमा में ले जाने का कार्य करते हैं। बीती रात सूचना मिली कि कुछ गोतस्कर प्रदेश की गोवंश को भरकर यूपी सीमा में ले जाएंगे। सूचना मिलते ही उन्होंने समिति सदस्य हरेंद्र, ललित व विष्णु को अवगत कराया और राजमार्ग स्थित उझीना ड्रेन के पास वाहनों की जांच शुरू कर दी। उसी दौरान बंद बॉडी का वाहन वहां पहुंचा जिसे रुकने का इशारा किया। वाहन के रुकते ही उसमें सवार चालक सहित कुछ युवक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 15 गोवंश बरामद किए।