संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। कैंप थाना क्षेत्र के गांव रोनीजा में छत के पानी की निकासी के लिए पाइप लगाने को लेकर हुए विवाद में घर में घुसकर परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित सुमित की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायत के अनुसार मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सुमित ने अपनी छत से पानी निकासी के लिए पाइप लगाया था। पड़ोसी सुरजीत ने इसका विरोध करते हुए पाइप तोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद सुरजीत धर्म, अजीत, सरजीत, सुनील, मन्नू, डोली और गुड्डी को लेकर घर में घुस आया और रॉड-फरसे आदि से हमला कर दिया।
सुमित का आरोप है कि हमले में उसके भाई सोनू, संजय, बेटे राजू, पत्नी शशि और भाभी लक्ष्मी घायल हो गए। लक्ष्मी गर्भवती है। आरोप है कि डोली ने उसके पेट पर लात-घूंसे और डंडे से वार किए। कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।