पलवल। ऑनलाइन शॉपिंग के चक्कर में फैमिली कोर्ट की प्रिंसिपल जज साइबर ठगों का शिकार हो गईं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लेडीज सूट का विज्ञापन देखकर उन्होंने एक सूट ऑर्डर करने के लिए संपर्क किया। आरोपियों ने उन्हें 10 प्रतिशत डिस्काउंट का लालच देकर 20,340 रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत साइबर पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि 16 अप्रैल को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लेडीज सूट का विज्ञापन देखा, जो उन्हें पसंद आया। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर कॉल करने पर सूट की कीमत 22 हजार रुपये बताई गई। बातचीत के दौरान ठगों ने कहा कि उन्हें अभी ऑर्डर करने पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके बाद सूट की कीमत 20,340 रुपये बताई गई और यूपीआई के जरिए भुगतान करवा लिया। भुगतान के बाद आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि सूट की डिलीवरी अगले दिन हो जाएगी। जब पीड़िता ने बिल और ऑर्डर डिटेल्स मांगीं तो आरोपियों ने नंबर बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। संवाद