पलवल। पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में शनिवार को शहर में बाजार बंद का आह्वान किया गया था। आरोप है कि बाजार बंद के दौरान दुकान खोलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कई दुकानदारों के साथ मारपीट कर दी, जिससे मुख्य बाजार में हंगामा हो गया। घटना के बाद नाराज व्यापारी इकट्ठा होकर जोरदार नारेबाजी करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डीएसपी नरेंद्र खटाना ने व्यापारियों को समझाकर स्थिति को काबू में किया। दरअसल, शुक्रवार शाम को बजरंग दल समेत अन्य संगठनों और व्यापारी संगठनों ने मिलकर शनिवार को शहर का बाजार बंद रखने की घोषणा की थी। व्यापारियों ने इस आह्वान का समर्थन करते हुए दुकानें बंद रखने का फैसला किया था। लेकिन शनिवार सुबह शादी के सीजन के चलते ग्रामीण इलाकों से खरीदारी करने आए लोगों की मांग पर कुछ व्यापारियों ने अपनी दुकानें खोल लीं। दुकानें खुली देख बजरंग दल के कार्यकर्ता बाजार पहुंचे और दुकानदारों के साथ बदसलूकी करने लगे। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने जबरन दुकानों के शटर गिराए और विरोध करने पर दुकानदारों से मारपीट भी की। संवाद