10 के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। उपमंडल के गांव धुलावट में प्लॉट की सफाई करने को लेकर हुए विवाद में पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 10 आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
रफीक पुत्र छोटे खां ने पुलिस को बताया कि पड़ोस के हजर और उसके परिवार के लोग उसकी प्लॉट पर कब्जा करना चाहते हैं और वहां जाने पर परिवार को धमकियां देते हैं। 16 नवंबर को रफीक प्लॉट की सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें वहां से जाने को कहा और जान से मारने की धमकी दी।
परिवार के सदस्यों ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस की पीसीआर मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में जब परिवार के लोग प्लॉट से लकड़ियां उठाने लगे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
शिकायत के मुताबिक, हमले में रजाक, रोहित, आरिफ, साहिल और जावेद घायल हुए। सभी को उपचार के लिए सीएचसी नूंह ले जाया गया। एक घायल को उपचार के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। तावडू सदर थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर हजर, जमशेद, अब्बास, साजिद, शहरुख, जैकम, समा, अतर्बी, नुसरत और तरन्नुम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।