सोशल साइट पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। फेसबुक पर दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी अपने किए हुए शादी के वादे से मुकर गया और युवती को जान से मारने की धमकी देने लगा। ताजा मामला महिला थाना पुलिस ने एक 19 वर्षीय बीएससी की छात्रा ने दर्ज कराया है। पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मकुदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई हीरामणी के अनुसार एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और वहीं पर रहती थी। गत 15 अक्टूबर वर्ष 2018 में फेसबुक के माध्यम से गांव घोड़ी निवासी 25 वर्षीय सहदेव से उसकी दोस्ती हो गई और फोन पर बातें होने लगी। सहदेव उस समय फरीदाबाद में रहता था। फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने संग जीने-मरने के कसमें खाई और आरोपी ने पीड़िता से शादी का वादा भी किया। 22 मार्च 2019 को सहदेव ने पीड़िता को मिलने के लिए फरीदाबाद बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। 4 सिंतबर को सहदेव ने शादी करने की बात कहकर पीड़िता को कागजात लेकर फरीदाबाद बुलाया। पीड़िता जब फरीदाबाद पहुंची तो सहदेव ने उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया और शादी करने के अपने वादे से मुकर गया। पीड़िता जब विरोध किया तो सहदेव ने कहा कि इस बारे में किसी को कुछ बताया तो जान से मार दूंगा। पीड़िता ने परिजनों की मदद से मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
---