दीवाली-गोवर्द्धन पूजा व भैयादूज के मद्देनजर हरियाणा रोडवेज की तरफ से जिले के यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बसें शुरू की गई हैं। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रोडवेज ने कर्मचारियों की सात नवंबर तक छुट्टियां भी रद कर दी हैं।
जिला बस स्टैंड के इंचार्ज ज्ञानचंद चौहान ने अमर उजाला को बताया कि जिले के यात्रियों को दीवाली, गोवर्द्धन पूजा व भैयादूज पर बेहतर यातायात सुविधा देने के लिए रोडवेज ने वर्कशॉप में खड़ी सभी बसों की मरम्मत करके सड़कों पर उतार दिया है, ताकि जिले के हर रूट पर अधिक से अधिक बसें चल सकें और यात्री परेशान न हों।
उन्होंने बताया कि पलवल से अलीगढ़, मथुरा, बरसाना, गोवर्र्द्धन, गुड़गांव और दिल्ली सहित दर्जनों रूटों पर यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए बस सेवा को बढ़ा दिया गया है।
चौहान ने बताया कि बस चालक-परिचालकों को हिदायतें दी गई हैं कि वे हर छोटे-बडे़ स्टॉप पर बसें रोकेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी चालक-परिचालक की बस न रोकने की शिकायत मिली, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इन रूटों पर बढ़े बसों के चक्कर
रूट पहले चक्कर अब चक्कर
अलीगढ़ 28 50
आगरा 6 15
गुड़गांव 24 40
दिल्ली 32 40
हसनपुर 03 05
नूंह (मेवात) 03 06