पलवल।
पलवल-होडल मार्ग पर ट्रक चालक को रोककर हथियारों के बल पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात 7-8 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पलवल के हुडा सेक्टर-दो निवासी और अमन रोड लाइंस के संचालक अमन गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी का ट्रक 10 जुलाई की सुबह माल भरने के लिए पलवल से होडल जा रहा था। सुबह करीब 10:30 बजे बाबरी मोड़ के पास वैगनआर और स्विफ्ट कार में सवार 7-8 युवकों ने ट्रक रुकवा लिया। आरोप है कि बदमाशों ने चालक नैमसिंह को तमंचा, लाठी, डंडे और रॉड दिखाकर गाली-गलौज व हाथापाई की। आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि यदि इस मार्ग पर ट्रक चलाना है तो 20 हजार रुपये प्रति चक्कर की पर्ची कटवानी होगी, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मौके पर लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना उसी समय डायल-112 पर दी गई थी।
होडल थाना प्रभारी बलजीत सिंह का कहना है कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।