होडल। गांव भुलवाना के एक व्यक्ति की बाइक साइड करने को लेकर दो युवकों से कहासुनी हो गई। उस समय वे धमकी देकर चले गए। बाद में सात-आठ लड़कों सहित पीड़ित के घर में घुस आए और मारपीट की। पीड़ित के बेहोश हो जाने पर परिवार के लोग अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुत्र की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बेटे विशाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता तुहीराम उर्फ पप्पी होडल में दूध की डेरी चलाते हैं। शनिवार को वह और उसके पिता बाइक से दुकान जा रहे थे। रास्ते में स्कूली बसों के कारण रास्ता बंद होने पर रुक गए। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने साइड से हटने के लिए उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। शिकायत में बताया कि युवक उन्हें जाते समय बाद में बताने की धमकी देकर मौके से चले गए।
थोड़ी देर बाद ही सात आठ लोग घर में घुस आए और उसके पिता को कमरे से बाहर खींच लिया। उन्होंने उसके पिता के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुहीराम को मृत घोषित कर दिया। उधर, इस बारे में थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह राठी ने बताया कि मृतक के पुत्र ने हमले के कारण पिता की मौत होने का आरोप लगाया है। विशाल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।