पुलिस ने अवैध हथियार बरामद कर तीन गोवंशों को कराया मुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह सदर थाना क्षेत्र के गांव घासेड़ा के पास रविवार तड़के पुलिस और कथित गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी की पहचान सुडाका निवासी दिलशाद उर्फ दिल्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार बरामद कर तीन गोवंशों को भी मुक्त कराया है।
नूंह क्राइम ब्रांच के इंचार्ज विनोद कुमार को सूचना मिली थी कि कुछ गो-तस्कर घासेड़ा के रास्ते वाहन में गोवंश को अवैध रूप से ले जाने की तैयारी में हैं। प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने रविवार तड़के नाकाबंदी की।
पुलिस टीम पर फायरिंग
कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन के पहुंचने पर टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया और तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस की गोली आरोपी के पैर में जा लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
इसके बाद पुलिस टीम ने उसे घेरकर हिरासत में ले लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।