पलवल। गांव दुर्गापुर में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। इसको लेकर नाराज पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने विधायक दीपक मंगला के आवास पर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि हत्या के 9 दिन बाद भी किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। मौके पर पहुंचे डीएसपी यशपाल खटाना और विधायक ने दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रविवार सुबह गांव ककराली के ग्रामीण विधायक दीपक मंगला के आवास पर पहुंचे और कई घंटो तक पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गांव ककराली निवासी भुल्लन व धर्मेंद्र ने बताया कि बहन मधू की शादी 25 फरवरी 2020 को दुर्गापुर निवासी रोहताश के साथ की थी। शादी में हैसियत अनुसार दान-दहेज भी दिया, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं हुए और कार व नकदी लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे। दहेज लाने में असमर्थता जताने पर पति रोहताश, ससुर रणवीर, सास सरोज, जेठानी शिखा व पति के मौसेरे भाई गांव मछगर निवासी सोनू ने 21 फरवरी को मधू की फंदा लगाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला तो दर्ज कर लिया लेकिन 9 दिन बाद भी आरोपपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। विधायक के आवास पर विरोध-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस व डीएसपी विजयपाल, डीएसपी यशपाल खटाना व थाना प्रभारी अनूप कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। डीएसपी ने विधायक दीपक मंगला के साथ मिलकर पीड़ित पक्ष को दो दिन में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोग वापस लौटे।