15 दिन में समाधान न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हरियाणा गर्व पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के बैनर तले सरकारी कर्मचारियों ने मंगलवार को लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम 14 सूत्रीय मांगपत्र तहसीलदार दिनेश कुमार को सौंपते हुए चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान राहिल खान ने की, जबकि मंच संचालन कोषाध्यक्ष हरकेश सौरोत ने किया। राज्य प्रधान ईश्वर सिंह शर्मा और राज्य महासचिव सन्दल सिंह राणा ने कहा कि सरकार बार-बार आश्वासन देने के बावजूद कर्मचारियों की जायज मांगों पर कार्रवाई नहीं कर रही है।
उन्होंने वर्ष 2020-23 की लंबित एलटीसी का भुगतान, पुरानी एलटीसी नीति बहाल करने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों पर जीएसटी समाप्त करने, मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी, ड्यूटी के दौरान मौत पर 50 लाख रुपये मुआवजा, एचकेआरएन कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को तृतीय श्रेणी का दर्जा, विभागीय पदोन्नति तथा जलघरों का रखरखाव दोबारा विभाग को सौंपने सहित अन्य मांगें उठाईं।
ईश्वर सिंह शर्मा ने कहा कि मार्च 2026 से एलटीसी रिलैक्सेशन की फाइल लंबित है। यदि 15 दिन में मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो यूनियन पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में राज्य उपप्रधान रमेश डागर, खुर्शीद, जाकिर हुसैन, टेकचंद गहलौत, मनीराम तेवतिया, बालकिशन शर्मा, टेकचंद शर्मा और राजेश शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।