पलवल में प्रदर्शन करते कर्मचारी।
- फोटो : Palwal
बिजली कर्मचारियों ने निकाला पैदल मार्च
पलवल। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन सर्कल पलवल के कर्मचारियों ने अपनी मांगों के संबंध में न्यू कॉलोनी स्थित श्रद्धानंद पार्क से पैदल मार्च निकालकर जिला उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा। साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाकर कहा कि अधीक्षक अभियंता (एसई) द्वारा कर्मचारियों पर दर्ज मुकदमें रद्द किए जाएं।
पलवल सर्कल यूनिट के प्रधान राजेश शर्मा ने कहा कि कुछ दिन पहले बिजली कर्मचारियों की अधिकारियों से कुछ मांगों पर सहमति भी बनी थी, लेकिन अब तक उनको पूरा नहीं किया गया। वहीं, यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि 31 कर्मचारियों को बगैर नोटिस दिए निकाल दिया गया। सभी कर्मचारी करीब बारह वर्षों से कार्यरत थे। अधिकारियों ने आरोप लगाया कि निकाले गए कर्मचारियों के दस्तावेज फर्जी हैं। यदि यह सच है तो उन कागजों की जांच की जाए। उन्होंने चेतावनी देकर कहा कि यदि जल्द से जल्द उनकी मांगों को माना नहीं गया तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।