हरियाणा ज्वाइंट एक्सन कमेटी पावर के आह्वान पर सरकार द्वारा 23 सब डिवीजनों को निजी हाथों में सौंपने तथा कर्मचारियों को हटाने के विरोध में मंगलवार को पावर हाउस कार्यालय के गेट पर बैठक का आयोजन किया गया। जिसके बाद विभागीय कर्मचारी क्रमिक अनशन पर बैठ गए।
भूख हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अनशन पर बैठे ब्लॉक प्रधान उदयवीर सिंह ने बताया कि भूख हड़ताल के समर्थन में होडल उपमंडल के सभी बिजली कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
कर्मचारियों की बैठक को हरीसिंह, मुरलीधर, ठाकुरलाल, सत्यनारायण, शेरसिंह, भगवान सिंह, प्रेमपाल, शिवसिंह, जगदीश आदि ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 11 मई को कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश की सफलता से प्रदेश सरकार ने बौखलाकर डीसी रेट पर लगे कर्मचारियों को हटाने का फरमान जारी किया है। बैठक में कर्मचारी नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार तत्काल प्रभाव से डीसी रेट पर लगे कर्मचारियों को बहाल करने, 23 सब डिवीजनों को निजी हाथों से बिजली निगम में लेने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार ने अगर उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया तो वह 29 व 30 जून को पूरे प्रदेश में बिजली गुल कर ब्लैक आउट करेंगे।