होडल। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन व हरियाणा स्टेट इलेक्शन बोर्ड यूनियन के तत्वाधान में सोमवार को बिजली बोर्ड कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान ऑनलाइन तबादला नीति का विरोध जताया गया।
इस अवसर पर कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार व निगम मैनेजमेंट के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी की। अध्यक्षता करते हुए सब यूनिट प्रधान लख्मीचंद रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की मांगों को लेकर बिल्कुल गंभीर नहीं है। निगम में जोखिम का काम होने के बाद भी बिजली कर्मचारियों को जोखिम भत्ता व कैशलेस मेडिकल सुविधा देना तो दूर की बात उल्टा एलडीसी, यूडीसी व जेई आदि के ट्रांसफर कर दिए गए हैं। जिससे निगम का कार्य प्रभावित होगा। प्रधान विनोद शर्मा ने कहा कि विभागों में खाली पदों को नहीं भरा जा रहा है, जिसके बाद कर्मचारियों पर लगातार काम का बोझ पड़ रहा है। स्टेट कमेटी के निर्देशानुसार 5 जनवरी को सभी उपमंडल अधिकारियों के कार्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा जबकि 6 जनवरी को विद्युत सदन हिसार में एमडी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर महिपाल सिंह, नरेश मेहलावत, धीरेंद्र, कुंज बिहारी, नरेश रावत, नरेंद्र रावत, हरि सिंह, मनीराम आदि मौजूद रहे।