35 गांवों के लोगों को होगा फायदा, विधायक की मांग के बाद मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शहर में किराये के भवन में चल रहे बिजली निगम के डिवीजन कार्यालय के अलावा उपमंडल कार्यालय का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। करीब 6.89 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक भवन वर्ष 2027 के अंत तक तैयार हो जाएगा। स्थानीय विधायक हरेन्द्र सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री नायब सैनी की घोषणा पर इस तीन मंजिला भवन के बनने से दक्षिण हरियाणा बिजली निगम अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को लाखों लोगों की आबादी को बड़ी राहत मिलेगी।
दरअसल, होडल में बिजली निगम के उपमंडल कार्यालय से लगभग 35 गांवों की बिजली आपूर्ति, बिलिंग और अन्य प्रशासनिक कार्यों का संचालन किया जा रहा है। इसमें 35 हजार बिजली उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है, करीब 40 से 50 वर्ष पूर्व निर्मित पुराना भवन समय के साथ पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इसके बाद समुचित रखरखाव न होने के कारण दीवारों में दरारें पड़ गईं, छतें कमजोर हो गईं और पलस्तर गिरने से कर्मचारियों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा।
मानसून के दौरान भवन की स्थिति और भी भयावह हो जाती। छत से टपकता पानी विभाग के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचाता। कई बार बरसात के समय कर्मचारियों को जान-माल की सुरक्षा के चलते कार्यालय खाली कर बरसात के मौसम किराये पर जाना पड़ता। मजबूरी में कर्मचारी अपनी जेब से पॉलिथीन खरीदकर फाइलों और दस्तावेजों को ढंकते नजर आते थे।
किराये के भवन में चल रहा कार्यालय
करीब दो वर्ष पहले इस गंभीर समस्या को मीडिया में प्रमुखता से उठाया गया जिसके बाद विभाग हरकत में आया। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए बिजली निगम ने शहर के 44 फुट रोड के समीप एक निजी भवन किराये पर लेकर वहां अस्थायी रूप से कार्यालय का संचालन शुरू किया। फिलहाल उपभोक्ताओं को प्रशासनिक कार्यों के लिए उसी किराये के भवन में जाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तत्कालीन मुख्यमंत्री बंसीलाल के कार्यकाल में होडल में 33 केवी बिजली आपूर्ति केंद्र और उपमंडल कार्यालय का निर्माण कराया गया था। उस समय यहां अधिकारियों के आवास, पेयजल के लिए , वाटर टैंक और विश्रामगृह जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई थीं। समय के साथ रखरखाव के अभाव ने इस परिसर को खंडहर में बदल दिया। 30 अप्रैल 2025 को स्थानीय विधायक हरेन्द्र रामरतन की मांग पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने होडल व हसनपुर बिजली निगम के उपमंडल कार्यालयों के नए भवनों के निर्माण कार्य की घोषणा कर दी। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि नया भवन बिजली सेवाओं में गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में सुधार लाएगा।
क्या कहते हैं विधायक
स्थानीय विधायक हरेन्द्र सिंह का कहना है कि क्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में चल रही सरकार उनके क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य करवा रही है। वहीं, बिजली निगम के कार्यालयों का निर्माण कार्य शुरू होने से आम लोगों की जन सुविधाओं का इजाफा होगा। बिजली आपूर्ति को सुचारु करने में कर्मचारियों को गति मिलेगी। जल्द सरकार होडल व हसनपुर में कार्यालयों के नव निर्माण भवनों की आम जनता को सौगात देगी।