तावडू खंड के रामलीला मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। नूंह जिले के हिस्से और गुरुग्राम की सोहना विधानसभा में तावडू खंड के रामलीला मैदान में शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर खंड स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। तावडू ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रज्जू उर्फ राजेश सहरावत के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की पोल खुल गई है। ईवीएम में जो गड़बड़ी होती थी, उसे राहुल गांधी ने पकड़ लिया है, चोर को भी पकड़ लिया है और अब आगे से चुनाव में वोट चोरी नहीं होगी। उन्होंने मांग की कि अब चुनाव बैलेट पेपर से होने चाहिए।
हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में 12 साल से भाजपा की चोरी की सरकार चल रही है और कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो बदमाशों को चेतावनी दी गई थी कि बदमाशी छोड़ दो या हरियाणा छोड़ दो, जिससे 10 साल तक प्रदेश में विकास हुआ। आज हरियाणा पूरी तरह बदमाशों के हाथ में है।
पहले से 14वें नंबर पर पहुंचा हरियाण, 5000 स्कूल बंद
उन्होंने कहा कि 2014 में जब कांग्रेस ने सरकार छोड़ी थी तब हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, कानून व्यवस्था, नौकरी देने और विकास में नंबर एक था, लेकिन नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार आज बड़े 18 प्रदेशों में हरियाणा 14वें नंबर पर पहुंच गया है। भाजपा सरकार ने 12 साल में जनहित का एक भी फैसला नहीं लिया। न कोई मेट्रो लगी, न कोई बड़ा मेडिकल कॉलेज या यूनिवर्सिटी बनी। उल्टा सरकार ने 5000 सरकारी स्कूल बंद कर दिए। स्कूल में टीचर नहीं, अस्पताल में डॉक्टर नहीं और दफ्तरों में कर्मचारी नहीं हैं। कौशल रोजगार निगम के नाम पर युवाओं के साथ धोखा हो रहा है।
सम्मेलन में कांग्रेस ग्रामीण गुरुग्राम जिलाध्यक्ष वर्धन यादव, शहर अध्यक्ष पंकज डावर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, पूर्व मंत्री आफताब अहमद, नूंह विधायक आफताब अहमद, प्रत्याशी रहे डॉ. शमसुद्दीन, युवा नेता शाहीन शम्स, खालिद हुसैन चाहल्का सहित कई नेताओं ने भाजपा को तावडू के विकास रुकने के लिए जिम्मेदार ठहराया।
साथी उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर रामलीला मैदान में कार्यक्रम का आयोजन हुआ है जो एक शुभ संकेत है गांधी जी को नमन करते हुए देश को बचाने का आज सभी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राम के नाम पर भी लोगों के साथ खिलवाड़ किया है।