संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। दिल्ली-आगरा रेलवे लाइन पर रूंधी रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान व पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में शवगृह में रखवा दिया है।
जांच अधिकारी भीम सिंह के अनुसार उन्हें मंगलवार सुबह सूचना मिली कि गांव बामनीखेड़ा के निकट एक करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव रेलवे लाइन पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर रेलवे स्टेशन पर ले जाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन बुजुर्ग व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी। मृतक बुजुर्ग के पास एक सफेद चद्दर, सफेद बनियान, गले में तुलसी की माला व कंबल बरामद हुआ है। जीआरपी के अनुसार मृतक व्यक्ति की उम्र करीब 70 वर्ष है साढ़े पांच फीट लंबाई व सफेद रंग की दाढ़ी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व पहचान के लिए जिला नागरिक अस्पताल पलवल के शव गृह में रखवा दिया है।