पुलिस लाइन के सामने हुआ हादसा, झज्जर जिले के खरमाण के थे बुजुर्ग
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामले में पुलिस लाइन के सामने सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे एक बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुजुर्ग की पहचान झज्जर जिले के खरमाण गांव निवासी 60 वर्षीय रामकिशन के रूप में हुई है। उनके पुत्र नरेश हरियाणा पुलिस में कार्यरत हैं और वर्तमान में अपने परिवार के साथ पुलिस लाइन पलवल में रह रहे हैं।
नरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता रामकिशन बुधवार को सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान होडल की ओर से तेज गति में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल बुजुर्ग को तुरंत एम्बुलेंस की सहायता से एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
सदर थाना प्रभारी सुंदरपाल ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।