बेटों व उनके सुसरालवालों ने घर में घुसकर किया हमला, जान से मारने की दी धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। कस्वा थाना अंतर्गत क्षेत्र के गांव अतवा में पिता द्वारा अपने दो बेटों व बहुओं को बेदखल करने से नाराज बेटों और उनके ससुरालवालों ने बुजुर्ग दंपती से घर में घुसकर मारपीट की। पुलिस ने बुजुर्ग दंपती की शिकायत पर आधा दर्जन नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी मलखान सिंह ने बताया कि गांव अतवा निवासी बुजुर्ग उदयराम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनके दो बेटों रोहित और मोहित की शादी दो तीन वर्ष पूर्व गांव मढ़नाका निवासी सुनीता और अनीता से हुई थी। शादी के बाद दोनों बेटों व उनकी पत्नियों का व्यवहार ठीक नहीं रहा। पीड़ित ने इस मामले में उनके मायके में पिता धर्मपाल और राजेश को जानकारी दी, लेकिन उन्होंने उन्हें धमकी दी। बाद में बुजुर्ग ने दोनों बेटों व उनकी पत्नियों को बेदखल कर दिया।
शिकायत में पीड़ित उदयराम ने बताया कि 11 मई को वह पत्नी टीनिया और भाभी बबली के साथ भतीजे झम्मन के घर पर थे। इसी दौरान उनके बेटे धर्मपाल व राजेश समधन गीता, सोनू और हरीश अपने साथ जैकी खान को लेकर आ गए। उनके हाथों में लाठी, डंडे और फरसा थे। आरोपियों ने दंपती और उनके परिवार की पिटाई कर दी जबकि जैकी खान ने देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इस झगड़े में दोनों बुजुर्ग को चोटें आई हैं। पीड़ितों ने शोर मचाया तो आरोपी धमकी देकर भाग गए। पीड़ितों ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।