फोटो: सामाजिक बुराइयों को रोकने के लिए पंचायत के दौरान अपने बात रखते वक्ता।
पाडला में सामाजिक बुराइयों के खिलाफ ग्रामीणों ने लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। क्षेत्र के गांव पाडला में समाज सुधार जमात की बैठक की गई। इसमें ग्रामीणों ने सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने का संकल्प लिया। बैठक में गांव और क्षेत्र को नशा, अपराध और अन्य कुरीतियों से मुक्त बनाने की शपथ ली गई।
मौके पर शाही जामा मस्जिद के मुफ्ती मो. शाकिर साहब, पूर्व मंत्री चौधरी आजाद मोहम्मद, उमर पड़ला सरपंच, सरपंच साबिर, सरफराज सरपंच भोंड, ईसब बिवा, फकरुद्दीन चेयरमैन, सैयद जाकिर हुसैन और मास्टर कासिम आजाद ने कहा कि समाज में सुधार लाने के लिए शिक्षा सबसे जरूरी माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशाखोरी, जुआ, शराब, सट्टेबाजी और साइबर अपराध जैसी बुराइयों से बचाने के लिए पूरे समाज को मिलकर काम करना होगा।
मेवात हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का प्रतीक
हरियाणा के पूर्व मंत्री आजाद मोहम्मद ने कहा कि मेवात को अपराधमुक्त बनाने के लिए गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लगातार लोग सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आगे आ रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा पर ध्यान देने और समाज निर्माण में भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगो की जिम्मेदारी है कि हर अपराध और अपराधी की सूचना पुलिस को दें।उन्होंने कहा कि मेवात हमेशा से हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का प्रतीक रहा है। अंत में ग्रामीणों ने सामाजिक एकता बनाए रखने तथा हर प्रकार की बुराई के खिलाफ मिलकर आवाज उठाने का संकल्प लिया।