पलवल। शिक्षा विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात धतीर गांव निवासी प्रमोद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 31 मई रात करीब 9 बजे हुआ जब वे गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए घर लौट रहे थे। घायल प्रमोद को पहले सरकारी अस्पताल बल्लभगढ़ ले जाया गया और बाद में गंभीर हालत में फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित प्रमोद के पिता जयपाल ने चौकी धतीर में दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा प्रमोद शिक्षा विभाग में क्लर्क है और गांव बघौला के सरकारी स्कूल में नियुक्त है। 31 मई को प्रमोद ने बताया था कि वह स्कूल के सरकारी काम से गुरुग्राम जा रहा है और वापसी में फरीदाबाद होते हुए एक्सप्रेसवे से घर लौटेगा। लेकिन, देर रात तक घर न लौटने पर जब परिजनों ने संपर्क किया तो रात करीब 9 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने प्रमोद का फोन उठाकर बताया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है और उसे सरकारी अस्पताल बल्लभगढ़ लाया जा रहा है। जयपाल जब परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे तो देखा कि प्रमोद के सिर और शरीर में गंभीर चोटें थीं। डॉक्टर्स ने उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर दिल्ली रेफर किया, लेकिन परिजनों ने उसे फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां वह वेंटिलेटर पर है। संवाद