तीन इनामी, 6 उद्घोषित और 2 बेल जंपर आरोपी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्ती रंग लाने लगी है। मई 2025 में पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के नेतृत्व में चले विशेष अभियान में पुलिस ने 346 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन गिरफ्तारियों में 3 इनामी बदमाश, 6 उद्घोषित अपराधी, 2 बेल जंपर, और कई अन्य अपराधों में लिप्त आरोपी शामिल रहे। अभियान की सबसे बड़ी कामयाबी रही 2.15 करोड़ रुपये से अधिक की चोरी की नकदी और कीमती वस्तुओं की बरामदगी।
अभियान में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई में 23 आरोपियों को पकड़ा गया, जिनके पास से गांजा, स्मैक, हेरोइन और नशीले इंजेक्शन मिले। पुलिस ने इनके खिलाफ 21 मामले दर्ज किए। वहीं, अवैध हथियारों के मामलों में 22 लोगों को गिरफ्तार कर 13 तमंचे, 24 कट्टे और 16 कारतूस जब्त किए गए। शराब के अवैध धंधे में लिप्त 23 आरोपी दबोचे गए, जिनके कब्जे से हजारों रुपये की देशी-अंग्रेजी शराब, बियर और लाहन बरामद की गई। जुए और सट्टे के मामलों में 14 लोगों को पकड़ा गया और 93,491 रुपये की नकदी जब्त हुई।
वाहन चोरी के चार मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एक लाख रुपये से अधिक कीमत की चार मोटरसाइकिल बरामद की गईं। एसपी वरुण सिंगला ने कहा कि पलवल में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। आमजन के सहयोग से पुलिस आने वाले समय में भी ऐसे ही अभियान चलाती रहेगी। साथ ही अपील की कि लोग किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।