हथीन। जिला उपायुक्त नरेश नरवाल ने सीएए के मुद्दे पर भड़के आंदोलन के बाद हथीन तहसील क्षेत्र के लिए खंड विकास एवम पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह ढुल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया हुआ है। इस संबंध ने जिला उपायुक्त ने लिखित आदेश जारी किए हैं, जिनकी पालना जरूरी है। इसके बावजूद उक्त अधिकारी हथीन हेडक्वार्टर पर उपलब्ध ही नहीं हैं। उनके कार्यालय में जाकर संपर्क किया गया तो समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त अधिकारी खाईका ग्राम के एक मामले में सुनवाई के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पेशी के लिए 25 फरवरी को चले गए थे। उसके बाद वहां से वापिस नहीं आ पाए हैं। इस बारे में हथीन के एसडीएम वकील अहमद ने बताया कि हर हालात में ड्यूटी मजिस्ट्रेट को उपस्थित रहना चाहिए। इस विषय में वे जिला उपायुक्त को भी जानकारी देंगे। उल्लेखनीय है कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति संवेदनशील इलाकों के लिए की जाती है।