दीवाली मनाने घर जा रहे दंपत्ति का नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक्सीडेंट हो गया। एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पति और दो बच्चे घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार व शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार, जिला जालौन (यूपी) के गांव नियातपुर निवासी कमल सिंह बल्लभगढ़ कंपनी में नौकरी करता है। कमल सिंह काफी समय से बल्लभगढ़ में रह रहा है।
शनिवार को अपनी पत्नी रचना देवी, एक वर्ष के बेटे प्रियांशु व दो वर्ष की बेटी प्राची के साथ बाइक से अपने गांव जा रहा था। जब वह पलवल-आगरा चौक के निकट पहुंचे, तभी डंपर ने बाइक में साइड मार दी। हादसे में रचना की मौत हो गई, जबकि प्राची, प्रियांशु व कमल घायल हो गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए व घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। खबर लिखे जाने तक कैंप थाना पुलिस ने इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया था।
पुलिस ने बताया कि कमल सिंह के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के बाद उन्हें सौंप दिया गया।