- दोनों ने साथ बैठकर पी थी शराब, झगड़ा होने पर गला दबाकर की हत्या
- मामले को आत्महत्या दर्शाने के लिए लटकाया
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गांव डूंगरपुर में साथ बैठकर शराब पी रहे दो दोस्तों का आपस में झगड़ा हो गया। झगड़े में एक युवक ने दूसरे की गला दबाकर हत्या कर दी। मामले को आत्महत्या दर्शाने के लिए उसने शव को पेड़ पर फंदा बनाकर लटका दिया। मृतक के शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। मामला रविवार देर रात का है। गदपुरी थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गदपुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर सिंह के अनुसार गावं डूंगरपुर निवासी अकबर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका 23 वर्षीय बेटा जाबिर ट्रैक्टर से मिट्टी भराई का काम कर अपना परिवार चलाता था। रविवार 15 अक्तूबर की देर शाम ट्रैक्टर लेकर घर लौटा था। रात के समय उसका दोस्त इरफान घर आया और जाबिर को अपने साथ जंगल की तरफ ले गया। शिकायत में कहा गया कि इरफान ने जाबिर को शराब पिला दी। नशे की हालत में किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़े में इरफान ने जाबिर के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद जाबिर के शव को पेड़ फंदा बनाकर लटका दिया। आरोप है कि आरोपी इरफान हत्या करने के बाद उनके घर आया और गाली-गलौज की। वह जाबिर की बाइक को घर छोड़कर फरार हो गया। वह अपने बेटे जाबिर को ढूंढने जंगल की तरफ गए तो उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला। जाबिर के कपड़े फटे हुए थे तथा उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। उन्हें पूरा यकीन है कि इरफान ने ही जाबिर की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।