संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पिलर नंबर 54/900 के पास हुए सड़क हादसे में ट्राला चालक की कथित लापरवाही से दूसरे चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्मपाल यादव पुत्र छितरमल निवासी बखराना, थाना पनियाला, जिला कोटपूतली-बहरोड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।
मृतक के भाई अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि धर्मपाल ट्राला चालक थे और माल भरकर गुजरात से पलवल जा रहे थे। सुबह करीब चार बजे पीछे से आए ट्राला ने उनके ट्राले को साइड मार दी। इसके बाद चालक आगे निकलकर अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे धर्मपाल का ट्राला उससे जा टकराया। हादसे में धर्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे एंबुलेंस की मदद से उन्हें मांडिखेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद दूसरा ट्राला चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पोस्टमार्टम के बाद 28 अगस्त को अशोक कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी राज कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।