संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर बुधवार से बिना रजिस्टर्ड नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए जाएंगे। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और यातायात पुलिस को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट, धुंधली नंबर प्लेट या पेंट से नंबर लिखवाकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक्टरों पर पेंट से लिखे नंबर मान्य नहीं होंगे। केवल नियमानुसार लगी रजिस्टर्ड नंबर प्लेट ही स्वीकार की जाएगी। पुलिस ने ट्रैक्टर चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर वैध नंबर प्लेट लगवाएं, ताकि चालान की कार्रवाई से बचने के साथ यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जा सके।