पलवल। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दावे पूरी तरह से फेल हो रहे हैं। ग्रामीणों को बेहतर इलाज तो दूर, दवाइयां तक नहीं मिल रही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीज उपचार के लिए जाते हैं, लेकिन वहां न तो डॉक्टर मिलते हैं और न ही दवाइयां। हालात ये है कि मरीजों को घंटों इंतजार करने के बाद वापस लौटना पड़ता है। यही हाल मंगलवार को भी रसूलपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में देखने को मिला। सुबह 10 बजे तक कोई चिकित्सक नहीं पहुंचा। केंद्र में केवल आयुर्वेद चिकित्सक था, लेकिन मरीजों को इनसे कोई लाभ नहीं मिला। लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं आते हैं।
इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रसूलपुर गांव के अलावा खेड़ला, डकौरा, बडौली सहित करीब एक दर्जन अन्य गांवों के लोग उपचार के लिए आते हैं। लेकिन, केंद्र में डॉक्टर ही नहीं मिलते हैं। यह सिलसिला पिछले काफी लंबे समय से चल रहा है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया।
जिला नागरिक अस्पताल में ठप रहा सर्वर
जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार को सर्वर डाउन होने के कारण ओपीडी की पर्चियां हाथों से काटी जा रही थी। इस कारण मरीजों और तीमारदारों को काफी दिक्कतें हुईं। गर्मी और लाइट नहीं होने के कारण मरीज गर्मी से परेशान दिखाई दिए। मरीजों का कहना था कि सर्वर डाउन होने के कारण रोजाना दिक्कत होती है।
--------
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ देने के लिए किया गया था, लेकिन इसे देखकर लगता है कि यह खुद बीमार है। यहां पर डॉक्टर तो आते नहीं है। समय पर दवाइयां भी नहीं मिलती हैं। बंदर और कुत्ते काटने के टीके तो उपलब्ध ही नहीं है।
- सूका, निवासी रसूलपुर
------
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का हाल बुरा है। यदि यहां डॉक्टर और दवाइयां नहीं आ सकती है तो इसे बंद कर देना चाहिए। लोग सुबह से यहां इंतजार में बैठे रहते हैं। इस संबंध में ग्रामीण अब विधायक से भी मिलेंगे।
- पुनीत, निवासी रसूलपुर
-----
रसूलपुर स्वास्थ्य केंद्र सहित सभी केंद्रों पर डॉक्टरों को तैनात किया जा रहा है। जल्द ही स्वास्थ्य केंद्रों पर सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिस केंद्र में डॉक्टर समय से नहीं पहुंचते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. ब्रह्मदीप सिंह, जिला सिविल सर्जन पलवल