एनएच-2 पर गोडोता चौक के समीप ट्रैक्टर और कार की भिड़ंत में दो व्यक्ति घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के दो टुकडे़ हो गए। घटना के बाद जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना सुबह करीब चार बजे की है।
घायल व्यक्तियों का नाम और पता नहीं हो सका है। विडंबना यह रही है कि इतनी जबरदस्त दुघर्टना होने के लगभग 10 घंटे बाद भी स्थानीय पुलिस घटना में घायलों का नाम पता नहीं कर सकी। जानकारी के अनुसार एक ट्रैक्टर चालक ट्राली में धान की पराली भरकर जा रहा था। जब वह गोडोता चौक के निकट पहुंचा तो उसी समय एक कार से भिड़ंत हो गई।
दो वाहनों की हुई यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया तथा ट्रैक्टर के दो टुकडे़ हो गए। काफी देर तक यहां पुलिस नहीं पहुंची तो आसपास के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
जब इस मामले में थाना पुलिस से संपर्क किया गया तो उन्होंने मामले में जांच अधिकारी का मोबाइल नंबर देकर अपना पल्ला झाड़ लिया। जब जांच अधिकारी अनिल कुमार से बार बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव ही नहीं किया।