पलवल। जिला बार एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत को पलवल के तीन निजी अस्पताल संचालकों के खिलाफ मरीज के परिजनों से जबरन एक-एक लाख रुपये वसूलने और मारपीट करने की शिकायत देते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। एसोसिएशन के प्रधान दीपक चौहान ने शिकायत में कहा है कि पलवल स्थित गुरुनानक अस्पताल संचालक द्वारा अधिवक्ता की माता को एंबुलेंस से चंडीगढ़ पहुंचाने के नाम पर 1.10 लाख रुपये लिए गए। यह कोरोना जैसी महामारी में किसी कालाबाजारी से कम नहीं है। उन्होंने शिकायत में बताया कि एपेक्स अस्पताल संचालक ने पवन नामक संक्रमित अधिवक्ता को भर्ती करने से पहले परिजनों से एक लाख रुपये जमा कराए और रकम मिलते ही मरीज को मृत घोषित कर दिया। परिजनों द्वारा रुपये वापस मांगने पर धमकी देकर भगा दिया। वहीं सचिन अस्पताल के संचालकों पर कोरोना की झूठी रिपोर्ट तैयार कर मरीज के परिजनों से लाखों रुपये ऐंठने व शव नहीं देने का आरोप लगाया है। बार प्रधान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के अलावा गृहमंत्री, मुख्यमंत्री, जिला सत्र न्यायाधीश तथा स्वास्थ्य विभाग के निदेशक को भी शिकायत भेजकर इन तीनों अस्पताल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। दीपक चौहान ने बताया कि अब जिला बार एसोसिएशन इन अस्पताल संचालकों के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी और इनके पक्ष में कोई भी वकील मुकदमा अदालत में नहीं लड़ेगा।