कैप्शन: 2- मृतक श्रद्धालु रणजीत सिंह का फाइल फोटो
कैप्शन: 3- श्रद्धालु रणजीत सिंह की मौत के बाद विलाप करते परिजन
मध्य प्रदेश के विदिशा से अपने 40 साथियों के साथ परिक्रमा करने आया था
रेलवे ट्रैक पार करते समय सुबह पांच बजे ट्रेन की चपेट में आया
पुलिस को रेलवे लाइन पर ही एक और शव मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा कर रहे श्रद्धालु की सोमवार सुबह दिल्ली-आगरा रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। श्रद्धालु की ट्रेन की चपेट में आते ही वहां परिक्रमा कर रहे उसके परिजनों के अलावा अन्य श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई तथा मृतक श्रद्धालु के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचा दिया। इस घटना के बाद परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं में भय बन गया है। आसपास के गांवों के लोगों ने पुलिस-प्रशासन से रेलवे ट्रैक के आसपास पुलिस सुरक्षा के इंतजाम कराने की मांग की है।
गेट नंबर 556 के पास हुई दुर्घटना
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं में शामिल ढीलाखेड़ी थाना करारिया जिला विदिशा मध्य प्रदेश निवासी रणजीत सिंह जैसे ही गेट नंबर 556 के पास रेलवे ट्रैक को पार कर रहा था, तभी दिल्ली की तरफ से आई ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देखते ही वहां से परिक्रमा करते हुए गुजर रहे उसके साथी व अन्य श्रद्धालु रुक गए। उसके साथियों ने बताया कि मृतक शौच के लिए रुक गया था। जिस कारण वह पीछे रह गया था। लोगों ने इसकी सूचना रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी चंद्रपाल को दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर टीम के साथ पहुंच गए। मृतक रणजीत के साथ मध्य प्रदेश के करीब 40 श्रद्धालु ब्रज परिक्रमा कर रहे हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जिला नागरिक अस्पताल में मृतक के पोस्टमार्टम कराने के दौरान मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लिखित राजपूत ने बताया कि मृतक रणजीत सिंह उसके दादा लगते थे। उनके अलावा 38 लोग और हैं, जो 25 जुलाई को परिक्रमा करने के लिए आए हैं। लिखित ने बताया कि मृतक रणजीत बेहद धार्मिक किस्म के व्यक्ति थे तथा उनका आसपास में लोगों से काफी प्यार था। उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक पर अंधेरा रहता है तथा कोई सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। काफी लोग परिक्रमा कर रहे हैं, ऐसे में सुरक्षा के इंतजामों के अलावा लाइटिंग की व्यवस्था होनी चाहिए।
रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि जैसे ही उन्हें ट्रेन से किसी के कटने की सूचना मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। घटना सुबह पांच बजे की है। उन्होंने मौके पर पहुंचते ही श्रद्धालुओं द्वारा शिनाख्त करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। जहां पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
रेलवे लाइन के पास शव मिला
वहीं हसनपुर सड़क मार्ग स्थित रेलवे फ्लाईओवर के निकट रेल की पटरियों से एक युवक का क्षत विक्षिप्त शव बरामद किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। चौकी प्रभारी चंद्रपाल ने कहा कि मृतक की उम्र लगभग 40- 45 वर्ष है, वह सफेद शर्ट, काली पैंट तथा हवाई चप्पल पहने हुए है। पुलिस ने मृतक के शव को पहचान कराने के लिए जिला अस्पताल मोर्चरी के लिए भेज दिया है।